मोतिहारी के सुगौली में मानसिक रूप से दिव्यांग 29 वर्षीय सुधीर कुमार लापता, 40 दिनों से परिजन कर रहे तलाश; लाचार पिता ने पुलिस से लगाई गुहार
मोतिहारी के सुगौली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सुगौली के वार्ड संख्या-17 स्थित महावीर स्थान निवासी एक पिता अपने लापता बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं।
मोतिहारी/बिहार:मोतिहारी के सुगौली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सुगौली के वार्ड संख्या-17 स्थित महावीर स्थान निवासी एक पिता अपने लापता बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। मानसिक रूप से दिव्यांग 29 वर्षीय सुधीर कुमार बीते 13 अक्टूबर 2026 की रात से लापता है। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पिता भिखारी साह ने सुगौली थाना में लिखित आवेदन देकर बेटे की गुमशुदगी की सूचना दी और पुलिस से उसे खोजने की गुहार लगाई।

दिए गए आवेदन के अनुसार, सुधीर कुमार 13 अक्टूबर, मंगलवार की रात करीब 10 बजे बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद पिता और परिवार के अन्य सदस्यों ने रिश्तेदारों, सगे-संबंधियों तथा आसपास के गांवों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
पिता भिखारी साह ने आवेदन में बताया है कि उनका पुत्र मानसिक रूप से दिव्यांग है और वह अपने स्तर से उसकी हर संभावित जगह पर तलाश कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार के लोग परेशान हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज करने और बेटे की सकुशल बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
लापता युवक की पहचान: सुधीर कुमार की उम्र करीब 29 वर्ष, कद लगभग 5 फीट 5 इंच बताया गया है। घर से निकलते समय उसने नीले रंग की टी-शर्ट और पैजामा पहन रखा था। युवक मानसिक रूप से दिव्यांग है।
पिता ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को सुधीर कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे तो तत्काल परिजनों अथवा सुगौली थाना को सूचित करें, ताकि परिवार को उसका पता मिल सके और उसे सुरक्षित घर वापस लाया जा सके। थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले पुलिस मामले की जांच कर रही है।”
मोतिहारी से एनबीसी 24 के लिए अरविन्द कुमार की रिपोर्ट
dhananjaykumarroy